*लोकेशन - पाकुड़ झारखंड*
*रिपोर्ट - सुजीत कुमार*
*स्लग* - विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पांच की गिरफ्तारी
*एंकर* - पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र से सामूहिक दुष्कर्म की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी, जिसमें मेले से अपने घर लौट रही एक विवाहिता को निशाना बनाया गया। यह घिनौनी घटना 28 नवंबर की रात तब हुई, जब पीड़िता अपने पति के साथ ग्राम हाथीगढ़ में आयोजित मेले से रघुनाथपुर स्थित अपने निवास स्थान की ओर लौट रही थी। रास्ते में, ग्राम बिंझा के पुलिया के पास, कुछ अपराधियों ने इस दंपत्ति को रोका। उन्होंने धमकाते हुए महिला को जबरन पास के धान के खेत की ओर खींच लिया और वहाँ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया।घटना की जानकारी मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना में कांड संख्या 61/2025 दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पाकुड़ की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया। एसपी ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए पूरी तत्परता से जुट गई है।
गठित SIT ने लगातार और सघन छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस की इस तत्परता का परिणाम यह रहा कि कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस टीम ने सामूहिक दुष्कर्म में शामिल सभी पाँचों आरोपितों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में डोमना उर्फ डोमा उर्फ बमड़ा पहाड़िया, जोमे पहाड़िया उर्फ मनोज पहाड़िया, चैता पहाड़िया (तीनों ग्राम डोहरी पहाड़ से), लुखी पहाड़िया (ग्राम छोटा खामी), और भिमा पहाड़िया (ग्राम बड़ा बीचकनी, थाना रांगा, जिला साहेबगंज) शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान, पाँचों आरोपितों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस अब इन सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
