इसरार अहमद जिला संवाददाता अम्बेडकरनगर
पेट्रोल पंप के सामने दो बाइक की भिड़ंत, दो युवक घायल
अम्बेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में थाना से कुछ दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने समय करीब 11:45 बजे दोपहर में दो मोटर साइकिलों की भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक सवार पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर सड़क पर निकला तभी दूसरी दिशा से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में शिवम दुबे पुत्र जगन्नाथ दुबे निवासी मठिया घोरघहा को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आईं जबकि सुरेश कुमार पुत्र रामलोचन निवासी मुस्कुराई को हल्की चोट लगी। सड़क पर गिरे घायलों को वहां पास में मौजूद कैलाश निषाद ग्राम प्रधान शेखपुर पलिवारी नीरज सिंह यस बैटरी हाउस दिनेश यादव सहित अन्य लोगों ने तत्काल घायलों को उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले गए । घटना की सूचना मिलते ही कुछ दूरी पर मौजूद श्री शंकर जी पी जी कॉलेज मठिया के प्रबंधक विशाल सिंह मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए अपने निजी वाहन से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार कराया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।सूचना पर जैतपुर थाने के कांस्टेबल शुभम सिंह भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।