*आगामी पर्वों के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने की शांति समिति/कानून व्यवस्था की बैठक, दिए निर्देश*
*ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों के आस-पास करायी जाये साफ सफाई।*
*त्योहारों पर रोस्टर के अनुसार की जाये निर्वाध विद्युत आपूर्ति।*
*अराजक तत्वों के विरुद्ध की जाये कठोर कार्यवाही : जिलाधिकारी*
*गंगा दशहरा के दृष्टिगत घाटों पर साफ-सफाई व साज-सज्जा करायी जाये, घाटों पर सुरक्षा कर्मियों व गोताखारों को किया जाये तैनात।*
सुरेन्द्र मिश्रा
कानपुर देहात
आगामी पर्वों गंगा दशहरा, बकरीद आदि के दृष्टिगत जिलाधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में शान्ति समिति/कानून व्यवस्था की बैठक मॉ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष कलेक्ट्रेट में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को नगरीय क्षेत्रों तथा जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों के आस पास साफ-सफाई एवं जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों तथा निर्धारित स्थलों पर कूडा ट्राली तथा बडे डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को रोस्टर के अनुसार निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, सेक्टरवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि किसी भी स्थान से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही कर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि कुर्बानी स्थलों का चिन्हांकन कर लिया जाये तथा सुनिश्चित किया जाये कि निर्धारित स्थलों पर ही कुर्बानी से सम्बन्धित गतिविधि का संचालन हो। उन्होंने कहा कि कोई भी नवीन परम्परा न स्थापित हो, परम्परा के अनुरूप ही त्योहारों को मनाया जाये। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारी व सम्बन्धित अधिकारियों को भ्रमण कर व्यवस्थाओं को जांचने व दुरूस्त कराने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के कडे़ इन्तजाम किये जाये। कानून एवं शान्ति व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस व थाना अध्यक्ष सुनिश्चित करे कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या न हो जिसके लिए पहले से ही तैयारी पूर्ण कर लें। सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जाये। अनावश्यक एवं भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। प्रतिबन्धित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में नहीं दी जानी चाहिए इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करें कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी पशु की कुर्बानी न होने पाये। कुर्बानी के उपरान्त बचे हुए अवशेष को सही एवं उचित स्थान पर डिस्पोज करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि नमाज निर्धारित स्थलों पर ही पढ़ी जाये। सार्वजनिक स्थलों/सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाये। उन्होंने गंगा दशहरा के दृष्टिगत घाटों पर साफ-सफाई व साज-सज्जा कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत घाटों पर सुरक्षा कर्मियों व गोताखारों को तैनात किया जाये। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को आपातकालीन सेवाओं के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाऐं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक अरविन्द मिश्र ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बकरीद तथा आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासन की ओर से समस्त व्यवस्थाओं को ससमय सुनिश्चित कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी छोटी-बडी मस्जिदों में पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात करते हुए समय समय पर संदिग्ध स्थानों पर भ्रमण भी किया जायेगा, जिससे कोई अप्रिय घटना न घटित हो। प्रतिबन्धित पशुओं की कुर्बानी जनपद में किसी भी दशा में नही होगी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी एके सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, एसडीएम अकबरपुर, तहसीलदार अकबरपुर, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, थाना प्रभारी व वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से अन्य समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी, थाना प्रभारी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।