सर्राफा व्यापार में लाखों की ठगी का हुआ खुलासा दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
ब्यूरो रिपोर्ट
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
हरदोई साण्डी थाना पुलिस ने सर्राफा व्यापारीयों से लाखों रुपये की ठगी और आभूषण हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से ₹106500 नकद समेत बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए ।प्राप्त जानकारी अनुसार साण्डी थाना क्षेत्र के चचरापुर गांव निवासी रंजीत सिंह पुत्र मनमोहन सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सबीरपुर निवासी विपिन गुप्ता ने चचरापुर में सर्राफा की दुकान खोल रखी थी। आरोप है कि उसने कई लोगों से रुपये उधार लिए और बाद में दुकान बंद कर फरार हो गया। इस संबंध में साण्डी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इसी क्रम में नवाबगंज निवासी अरविंद कुमार पुत्र जयप्रकाश ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि विपिन गुप्ता और प्रिंस गुप्ता उनकी दुकान से आभूषण बिक्री के नाम पर ले गए थे। भुगतान मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और बाद में दुकान बंद कर फरार हो गए वहीं शिवसागर पाल पुत्र कमलेश पाल ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि उन्होंने अपना सोने का हार तथा अन्य ग्रामीणों ने भी आभूषण गिरवी रखे थे, लेकिन आरोपी दुकान बंद कर गायब हो गए।
मामले को गंभीरता से देखते हुए साण्डी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विपिन गुप्ता और प्रिंस गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹106500 नकद, सोने-चांदी के हार, मंगलसूत्र, झुमके, बाला, कुंडल, नथ, पायल, बिछुआ, हाथफूल, चैन, लाल मोती की माला समेत बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं।अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है।
