गोड्डा पुलिस द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति किया गया जागरूक।*
राजकुमार किशोर
थाना ठाकुरगंगटी
नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गोड्डा पुलिस द्वारा स्थानीय पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोड्डा में छात्र-छात्राओं के बीच साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति विषय पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), गोड्डा आकाश भारद्वाज ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर अत्यंत गंभीर एवं दूरगामी दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि एक बार किसी व्यक्ति को नशे की लत लग जाने पर उससे बाहर निकलना अत्यंत कठिन हो जाता है। इसलिए युवाओं एवं विद्यार्थियों को हर परिस्थिति में नशीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए तथा अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलकूद, योग, पुस्तक पठन, संगीत, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा अन्य रचनात्मक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ये गतिविधियाँ न केवल व्यक्तित्व विकास में सहायक होती हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन एवं सफलता प्राप्त करने का मार्ग भी प्रशस्त करती हैं। एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने मादक पदार्थों से संबंधित कानूनों, विशेषकर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, तस्करी एवं सेवन के विरुद्ध कड़े कानूनी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इस संबंध में जागरूक करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा समाज में नश उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई गई। सड़क सुरक्षा विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए एसडीपीओ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कानूनों का पालन करे और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाए। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि नाबालिगों को किसी भी परिस्थिति में वाहन नहीं चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय ओवरस्पीडिंग, लापरवाही एवं यातायात नियमों की अनदेखी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।साइबर सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करना, किसी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करना तथा ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक एवं साइबर फ्रॉड से सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी देते हुए डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमल ने अपने संबोधन में एसडीपीओ द्वारा दिए गए संदेशों का समर्थन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए अनुशासन, सकारात्मक सोच तथा अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कभी हार नहीं माननी चाहिए और हर परिस्थिति में निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।असफलता व्यक्ति को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है, इसलिए उससे घबराने के बजाय उससे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में से ही भविष्य के प्रशासनिक, पुलिस एवं अन्य उच्च पदों पर आसीन अधिकारी तैयार होंगे। कोई छात्र भविष्य में आईएएस, आईपीएस अथवा अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर सकता है। इसके लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि एक जिम्मेदार, जागरूक एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनने का आधार भी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न विषयों पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए। उपस्थित छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। इस अवसर पर नगर थाना प्रभारी दिनेश महली, अवर निरीक्षक (एसआई) संजय सिंह, शिक्षक अल्बेनस मरांडी, सौरभ कुमार, मनीष कुमार, पुलिसकर्मीगण एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।.jpg)
.jpg)