बिनोद पांडेय
ब्यूरो चीफ जिला एम सी बी
मनेंद्रगढ़ में जनता को साफ पानी नहीं, बीमारी और जहर बांट रही नगर पालिका – सौरव मिश्रा
पीलिया फैलने के बाद भी प्रशासन मौन, भाजपा नेताओं को जनता की जिंदगी की चिंता नहीं
मनेंद्रगढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि आज पूरा मनेंद्रगढ़ शहर दूषित पेयजल संकट से जूझ रहा है। नगर पालिका द्वारा घरों में जो पानी सप्लाई किया जा रहा है, वह नालों जैसा गंदा, बदबूदार और स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। लगातार गंदा पानी सप्लाई होने के कारण शहर में पीलिया जैसी गंभीर बीमारी तेजी से फैल रही है, लेकिन नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी पूरी तरह संवेदनहीन बने हुए हैं।ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की लापरवाही अब प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि जनता के जीवन के साथ खुला खिलवाड़ बन चुकी है। जिन लोगों को जनता ने शहर की मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी सौंपी थी, वही लोग आज शहरवासियों को बीमारी और मौत की ओर धकेलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की जनता दूषित पानी पीने को मजबूर है, लेकिन नगर पालिका के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और भाजपा के जिम्मेदार नेता एसी कमरों में बैठकर बिसलेरी का पानी पी रहे हैं। आम नागरिकों की पीड़ा और स्वास्थ्य से उन्हें कोई सरोकार नहीं रह गया है।
सौरव मिश्रा ने कहा कि यह स्थिति नई नहीं है। इसी मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम चिरमिरी में भी दूषित पानी की सप्लाई के कारण पीलिया फैला था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। उस समय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया में बड़े-बड़े बयान देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और एफ आई आर की बात कही थी, लेकिन आज तक किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब वही भयावह स्थिति मनेंद्रगढ़ शहर में बन रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन फिर से आंख मूंदे बैठा है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है। नगर पालिका परिषद और जिला प्रशासन को तुरंत युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना चाहिए। दूषित पानी की तत्काल उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रभावित वार्डों में स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर पीलिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने चाहिए।
सौरव मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर जनता के साथ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़, जिला प्रशासन और भाजपा सरकार की होगी।

