सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
दूध लेकर निकला युवक लापता, नाले में पड़ी मिली बाइक से मचा हड़कंप
फतेहपुर जिले के हथगांव क्षेत्र की पुलिस चौकी छिवलहा के अंतर्गत अहिरनगांव उर्फ चकबबुल्लापुर निवासी 22 वर्षीय विनय उर्फ राजन पुत्र रामकिशोर यादव संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक शुक्रवार की रात करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से दूध की कैन लेकर छिवलहा कस्बे के लिए निकला था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा।पिता रामकिशोर ने बताया कि विनय पिछले करीब तीन वर्षों से दूध व खोया का व्यापार करता था। घटना वाली रात भी वह रोज की तरह दूध देने गया था, लेकिन देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, मगर कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह गौसपुर गांव के कुछ लोग जब शौच के लिए जंगल की ओर गए, तो उन्होंने चकबबुल्लापुर मार्ग पर खड़ंजे के पास एक गहरे नाले में विनय की मोटरसाइकिल और उससे बंधा दूध का कैन पड़ा देखा तो उसके परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने चौकी प्रभारी उत्कर्ष मिश्रा को अवगत कराया, जिसके बाद एसओ हथगांव संजय कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास खोजबीन चालू की तो मौके से करीब 12 मीटर दूर एक चप्पल, 50 मीटर दूर दूसरी चप्पल और लगभग 200 मीटर दूर युवक की फटी हुई टी-शर्ट मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आसपास के कुओं में कांटा डालकर और गेहूं के खेतों में करीब 3 घंटे तक सघन खोजबीन की, लेकिन युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
घटना स्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने बाइक, चप्पल और फटी टी-शर्ट की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। वहीं सीओ थरियांव वीर सिंह ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां विजयकांति, बड़ा भाई विपिन और बहन सुमन देवी समेत परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं।


