*मुख्यमंत्री ने देवरिया को दी 655.45 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात*
*देवरिया-कसया फोरलेन व हाटा मार्ग चौड़ीकरण सहित 19 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास*
*अविनाश चन्द्र चतुर्वेदी ब्यूरो चीफ देवरिया*
*देवरिया 22 मई।*
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद देवरिया आगमन पर 655.45 करोड़ की लागत की 19 कार्य परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास बटन दबाकर किया, जिसमें 08 लोकार्पित तथा 11 शिलान्यास की कार्य परियोजनाएं सम्मिलित हैं। जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए दी गई सौगात में प्रमुख रूप से देवरिया-कसया मार्ग के चौड़ीकरण हेतु 292.07 करोड़ तथा देवरिया-हाटा मार्ग हेतु 74.47 करोड़ की धनराशि से संबंधित कार्य परियोजनाएं शिलान्यास में सम्मिलित हैं। साथ ही मंच पर 05 योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, चाबी व प्रमाण पत्र भी प्रदान किया। लगाए गए स्टालों के निरीक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना द्वारा संचालित योजना के तहत गोदभराई व अन्नप्राशन कराया गया तथा दिव्यांगजन विभाग के स्टाल पर दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी प्रदान की गई।आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश व प्रदेश का सर्वांगीण विकास प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व उनके दृष्टिकोण से हो रहा है। परिणामस्वरूप नए भारत का दर्शन हम सभी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्य करने, सोच व दृष्टिकोण की गति जितनी तेज होगी, विकास का लाभ उतनी ही तेजी से आमजन को प्राप्त होगा। विकास कार्यों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देवरिया गोरखपुर की टू-लेन की सड़कें होती थीं, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब सड़कों का चौड़ीकरण होने से गोरखपुर से देवरिया आने में कम समय लगता है। उन्होंने कहा कि विकास अब रुकने वाला नहीं है।
पिछली बार जनपद आगमन पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सदर विधायक शलभ मणि सहित सभी विधायकों ने सड़कों को फोरलेन या टू-लेन किए जाने का सुझाव दिया था। उन्होंने कहा कि विकास के लिए अच्छे इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होती है। विकास से ही रोजगार सृजित होता है। इसके लिए सड़कों की कनेक्टिविटी जरूरी होती है। इसलिए जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी प्रस्ताव रखा गया, उसे स्वीकृति प्रदान कर धनराशि की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि आज का लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम एक शुरुआत है, यह अंत नहीं है। उन्होंने कहा कि देवरिया-कसया मार्ग फोरलेन की कनेक्टिविटी से उत्तरी व दक्षिणी राज्यों में भी संपर्क स्थापित हो सकेगा। इस देवरिया-कसया मार्ग को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा तथा इसे लखनऊ से भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। गोरखपुर से सिलीगुड़ी की 06 लेन एक्सप्रेसवे से भी यह जुड़ेगा। देवरिया से सिलीगुड़ी जाने की बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है। जिला अस्पताल के निर्माण के लिए जमीन चिन्हित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जनता से जुड़ी कोई समस्या न रहे, बल्कि उसका समाधान सुनिश्चित होना चाहिए। यह सरकार समस्या नहीं, समाधान देने के लिए है। आईटीआई को स्किल डेवलपमेंट एवं कौशल विकास का केंद्र बनाया जाएगा, जिससे नौजवानों में कौशल विकसित होगा और उन्हें उद्योग-धंधों में रोजगार मिलेगा। कुशल श्रमशक्ति अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में काफी सहयोगी होगी।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था सुदृढ़ है। वहीं विकास क्षेत्रों में वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, ओडीओपी जैसी योजनाएं देखने को मिल रही हैं। महिला एवं व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। किसानों व व्यापारियों के हित के लिए भी सरकार कार्य कर रही है। किसानों को उपज का अच्छा दाम मिले, इसके लिए सरकार कार्य कर रही है तथा उनके लिए संचालित योजनाओं से उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। संचालित सभी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी को दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है, जिसे अगले सत्र से संचालित करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि विकास के प्रस्ताव रुकने नहीं चाहिए। उन्होंने मोहनसेतु निर्माण के अधूरे कार्यों के लिए सेतु निगम को निर्देशित किया है कि समय से इसे पूरा कराया जाए। वर्तमान सरकार इसके लिए धनराशि उपलब्ध कराएगी। विकास की परियोजनाएं अनवरत रूप से आगे बढ़ें और हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशहाली परिलक्षित हो, इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। विकास के मॉडल को अपनाना पड़ेगा और इसी दिशा में आगे बढ़ना पड़ेगा। सुरक्षा, सुशासन और विकास का यह अभिनव प्रयास एक साथ आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने सीएम युवा रोजगार योजना के लाभार्थी उपेंद्र सिंह को 05 लाख, सीआईएफ की लाभार्थी अनिता देवी को 33 लाख का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया तथा संतोष कुमार राय को एसएमई पॉलिसी योजना के तहत 1.80 करोड़ निवेश प्रमाण पत्र दिया। लाभार्थी रुबी को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास की चाबी तथा बन्हुई को कृषि विभाग की संचालित योजना के तहत ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई।
इस अवसर पर लगाए गए 15 विभागों के स्टाल, यथा बाल विकास, दिव्यांग कल्याण, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, पंचायती राज, कृषि विभाग, उद्यान, कृषि विज्ञान केंद्र गोरखपुर एवं बस्ती, गन्ना, उद्योग, आईटीआई, पशुपालन एवं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन मुख्यमंत्री जी द्वारा किया गया तथा उनकी सराहना की गई।
आयोजित जनसभा को सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, विधायक सदर शलभ मणि, विधायक बरहज दीपक मिश्रा, विधायक भाटपाररानी सभाकुंवर, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा संबोधित किया गया। शासन की संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
कृषि मंत्री श्री शाही, सदर सांसद सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर एसएलसी रतनपाल सिंह, पूर्व विधायक डा सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, बरहज नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी गण व भारी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।
*बॉक्स 1*
*लोकार्पित की गई प्रमुख परियोजनाएं*
मुख्यमंत्री द्वारा नवीन पुलिस थाना महुआडीह के प्रशासनिक भवन (लागत 8.73 करोड़ रुपये), देसही देवरिया ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक एवं छात्रावास भवन (लागत 4.53 करोड़ रुपये) तथा डिघवा पौटवा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (लागत 12.60 करोड़ रुपये) का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा खुखुंदू-नूनखार-भटनी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (लागत 24.93 करोड़ रुपये), भटनी-बलुआ अफगान मार्ग चौड़ीकरण कार्य (लागत 41.62 करोड़ रुपये), खरोह-मठिया बाबा-रैयश्री-रुद्रपुर मार्ग (लागत 10.98 करोड़ रुपये), पिपरा चंद्रभान से सहजौली बाया हाटा खास मार्ग (लागत 4.59 करोड़ रुपये) तथा पशु चिकित्सालय देवरिया सदर में मॉडर्न वेटेनरी क्लीनिक (लागत 8.56 करोड़ रुपये) का भी लोकार्पण किया गया।
*शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाएं*
मुख्यमंत्री सोन्हुआ रामनगर-देसही देवरिया मार्ग (लागत 34.96 करोड़ रुपये), हेतिमपुर संपर्क मार्ग पर नवीन सेतु निर्माण (लागत 23.78 करोड़ रुपये), बघौचघाट-पकहां मार्ग स्थित खनुआ नाला पर समानांतर सेतु निर्माण (लागत 23.96 करोड़ रुपये) सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इसके अतिरिक्त देवरिया-कसया मार्ग (लागत 292.07 करोड़ रुपये), देवरिया-हाटा मार्ग (लागत 74.47 करोड़ रुपये), पिपरपाती-पडरी मल्ल-राउतपार-बैकुंठपुर-मधवापुर मार्ग सुदृढ़ीकरण कार्य (लागत 9.61 करोड़ रुपये), बैकुंठपुर-नूनखार मार्ग (लागत 6.78 करोड़ रुपये), हाटा-गौरी बाजार मार्ग से देवतहां कुटी संपर्क मार्ग (लागत 13.60 करोड़ रुपये), गौरी बाजार-हाटा मार्ग से कमरमहा मार्ग (लागत 11.91 करोड़ रुपये), भिखमपुर-देवरिया-करहकोल मार्ग चौड़ीकरण कार्य (लागत 36.56 करोड़ रुपये) तथा राजकीय पॉलिटेक्निक देवरिया में आवासीय एवं अनावासीय भवनों के जीर्णोद्धार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (लागत 11.22 करोड़ रुपये) का भी शिलान्यास किया गया।
.jpg)