आनन्द बॉबी चावला ब्यूरो चीफ झांसी।
झांसी दिनांक 30 मार्च 2026
*सड़कों पर वाहनों की पार्किंग स्वीकार नहीं: मण्डलायुक्त*
*चौराहों पर टेम्पो/ई-रिक्शा को न्यूनतम सौ मीटर दूर खड़ा किया जाए*
*सड़कों पर वाहनों की पार्किंग/यातायात अवरुद्ध करने वालों के विरुद्ध करें सख्त कार्यवाही*
झांसी। मण्डलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी।मण्डलायुक्त ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि सड़कों पर वाहनों की पार्किंग स्वीकार नहीं होगी, क्योंकि सड़कों पर वाहनों की पार्किंग से यातायात अवरुद्ध होता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि शहर के विभिन्न चैराहों के आसपास टेम्पो/ई-रिक्शा को चौराहों से न्यूनतम सौ मीटर दूर ही खड़ा किया जाए। उन्होंने टेम्पो/ई-रिक्शा एसोसिएशन के अध्यक्ष को निर्देशित किया कि प्रत्येक दशा में यह सुनिश्चित कराएं। परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारी व यातायात पुलिस विभाग ऐसे वाहनों के खिलाफ चालान व सीजर की कार्यवाही सुनिश्चित करें, जो मार्ग अवरुद्ध कर रहे हों। दैनिक रूप से यह कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उद्घोषणा के माध्यम से वाहन चालकों को सचेत किया जाए व निर्देशो का उल्लंघन करने वाले अवैध पार्क वाहनों को यातायात पुलिस द्वारा जब्त किया जाए।
मण्डलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर व्यवधान उत्पन्न करने वाले रेहड़ी/खोखे आदि को हटाया जाए व यह भी सुनिश्चित कराया जाए कि वाहनों की मरम्मत करने वाली दुकानों के आगे वाहन किसी भी दशा में इस तरह न खड़े हों जिससे सड़क बाधित हो।
मण्डलायुक्त ने बस अड्डे के बाहर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों को खड़ा करके सवारी बैठाने से मार्ग अवरुद्ध होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देशित किया कि सुनिश्चित करें कि इस तरह की स्थिति किसी भी दशा में न होने पाए।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाली सड़कों पर व राष्ट्रीय राजमार्ग में डिवाइडर के मध्य यू टर्न वाले स्थान पर रंबल स्ट्रिप का निर्माण लोक निर्माण विभाग व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा करवाया जाए ताकि वाहनों के तेज गति से राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रवेश पर रोक लग सके व दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि बार कोड युक्त इस आशय के बोर्ड लगाए जाएं जिसमे निकटवर्ती चिकित्सालयों की मैपिंग अंकित हो ताकि दुर्घटना की स्तिथि में वाहन चालक उसका प्रयोग कर सकें, यह बोर्ड कैश बैरियर (टोल प्लाजा), ब्लैक स्पॉट्स व टी जंक्शन्स पर समुचित ऊंचाई पर लगाए जाएं।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि दिनांक 01 अप्रैल से शुरू होने वाले स्कूली वाहनों के अभियान को परिवहन विभाग व शिक्षा विभाग प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करे। हर वाहन को समस्त विद्यालय परिवहन विभाग द्वारा सृजित पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करे। इस अभियान के शत-प्रतिशत अनुपालन को सुनिश्चित किया जाए।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि नए चिन्हित अवशेष ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारीकरण का कार्य यथाशीघ्र पूरा करवा लिया जाए। झांसी शहर में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क मरम्मत के कार्य को अविलंब पूरा करवाया जाए व सड़कों पर खोदे गए गड्ढों को भरा जाए ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो।मण्डलायुक्त ने सभी नोडल विभागों को निर्देशित किया कि दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से शासन द्वारा विभागवार दिये गए निर्देशों तथा जिला व मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में दिये गए निर्देशों का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होने मण्डल के तीनों जनपदों झांसी, ललितपुर व जालौन में गुड सेमेरिटन (नेक इंसान) योजना के प्रचार-प्रसार हेतु जिला अस्पताल, मेडीकल काॅलेज, थाना, तहसील, जिला स्तर पर विभिन्न चैराहों पर व्यापक प्रचार-प्रसार करायें जाने के निर्देश दिये, ताकि इस योजना का लाभ दुर्घटनाग्रस्त स्थल पर किसी व्यक्ति की जान बचाने में तत्काल प्रयास किया गया हो।
बैठक में एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह, आरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार वर्मा, आरटीओ प्रशासन ए0के0 त्रिवेद्वी, आरएम रोडवेज संतोष कुमार, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार, संयुक्त निदेशक शिक्षा श्री राजू राना, अपर निदेशक स्वास्थ्य डाॅ0 सुमन, एडी बेसिक एस0के0 पाण्डेय, एआरटीओ जालौन राजेश कुमार, यात्री कर अधिकारी एस0के0 अग्रवाल, एआरटीओ ललितपुर वी0के0 चौधरी, डिप्टी मैनेजर एनएचएआई अविनाश मण्डीवाल, ट्रक एसोसिएशन अध्यक्ष गुरदीप सिंह चावला, गौरी फाउडेंशन के राहुल द्विवेदी, जिला बस आॅपरेटर एसोसिएशन अध्यक्ष अनूप कुमार यादव, टेम्पो-टैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष मंसूर अहमद मंसूरी सहित सम्ब्न्धित विभागों के अधिकारी एवं एसोसिएशन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
आनन्द बॉबी चावला झांसी।

