फर्रुखाबाद ब्रेकिंग
डॉक्टर पर लगा गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप महिला के हुई अस्पताल में इलाज दौरान मौत
रिपोर्ट सौरभ दीक्षित ब्यूरो टाइम टीवी न्यूज़ 24 फर्रुखाबाद
थाना मेरापुर क्षेत्र के पिलखना गांव निवासी एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हुए। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पिलखना गांव निवासी रामनरेश अपनी 50 वर्षीय पत्नी मुनीशा को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर आए थे। मुनीशा को सांस लेने में तकलीफ थी और शुगर का स्तर भी काफी बढ़ा हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि मुनीशा ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत होते ही पति रामनरेश और बेटियां मीरा व पूनम बिलख पड़ीं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात स्टाफ ने गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे महिला की हालत और बिगड़ गई और उसकी जान चली गई। हंगामे की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी सोमबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। अस्पताल के डॉक्टर विपिन कुमार ने बताया कि महिला के फेफड़ों में पानी भरा था और शुगर का स्तर काफी अधिक था। परिजनों ने यहाँ लाने से पहले किसी झोलाछाप से इलाज कराया था। अस्पताल में केवल गैस का इंजेक्शन दिया गया था और तत्काल रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं हुए। चौकी प्रभारी ने बताया कि मेमो के आधार पर जांच की गई थी। परिजनों की सहमति के बाद पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया गया। मृतका अपने पीछे चार पुत्रियां और तीन पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है। जिसमें दो पुत्र और तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है।
