मध्य प्रदेश छिंदवाड़ा से मनीष इंगोले की रिपोर्ट
भाजपा सरकार की नीतियों से छिंदवाड़ा के युवाओं को मिल रहा रोजगार : बंटी विवेक साहू
सांसद ने कहा आज का समय कौशल, नवाचार और आत्मनिर्भरता का समय
सांसद ने आईटीआई में आयोजित रोजगार मेले में हितग्राही मूलक चैक और ऑफर लेटर भी प्रदान किये
छिंदवाड़ा। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सरकार द्वारा रोज़गार के नित नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए कृतसंकल्पित है। भाजपा सरकार की नीतियों से छिंदवाड़ा के युवाओं को रोजगार मिल रहा है। आज का समय कौशल, नवाचार और आत्मनिर्भरता का समय है, केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता, अनुशासन एवं व्यवहारिक ज्ञान ही युवाओं को सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचाते हैं। उक्त आशय के उद्गार सांसद बंटी विवेक साहू ने आईटीआई परिसर छिंदवाड़ा में युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप मेला के अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किये।इस अवसर पर सांसद श्री साहू ने कहा कि रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप मेला युवाओं के लिए कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के प्रमुख मार्ग हैं। सरकार द्वारा ’युवा संगम’ और ’मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप योजना’ के तहत जिला-स्तर पर मेले आयोजित कर तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में स्टाइपेंड के साथ प्रशिक्षण और रोजगार अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से स्वरोजगार एवं उद्यमिता पर बल देते हुए कहा कि युवा वर्ग को नौकरी प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ऋण, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की व्यापक व्यवस्था उपलब्ध है, जिसका लाभ उठाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
सांसद ने दिया महिला सशक्तिकरण पर जोर
सांसद बंटी विवेक साहू ने यह भी कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर रहे हैं। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा से सशक्त बेटियाँ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने छात्राओं को निरंतर कौशल उन्नयन, डिजिटल तकनीकों का ज्ञान अर्जित करने एवं नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
260 अभ्यर्थियों का किया गया चयन
शासकीय आदिवासी महिला आईटीआई छिंदवाडा में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकप्रिय जनप्रतिनिधि एवं सांसद बंटी विवेक साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रोजगार मेले में कुल 353 अभ्यर्थियों ने सहभागिता की, जिनमें से विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के उपरांत 260 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। सांसद बंटी विवेक साहू ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, साथ ही कहा कि यह आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल सिद्ध होगा। उन्होंने मेले में युवाओं को हितग्राही मूलक चैक और ऑफर लेटर भी प्रदान किये।
युवा संगम में अभी तक मिला 1664 को रोजगार
जिला रोजगार अधिकारी सुश्री माधुरी भलावी ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा माह दिसम्बर 2024 से युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप मेले) का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न क्षेत्र की प्रायवेट कंपनियों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाता है। छिंदवाडा जिले में युवा संगम का आयोजन प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित किया जाता है। छिंदवाडा जिले मे माह अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक युवा संगम के अंतर्गत 10 रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया जिसमें 103 कंपनियों के द्वारा 3387 आवेदकों का पंजीयन कर 1664 आवेदकों को ऑफर लेटर वितरित किये गये है।
कार्यक्रम में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में नोडल प्राचार्य शुभम निमजे, महिला आईटीआई के प्राचार्य चंद्रभान सिंह उइके, जिला रोजगार अधिकारी सुश्री माधुरी भलावी, महाप्रबंधक जिला उद्योग आर. एस. उइके, प्रशिक्षण अधीक्षक नलिनी तिवारी, संस्था के प्राचार्य दिनेश कुमार सोनेवार, भाजपा के वरिष्ठ नेता रोहित पोफली, रिजवान कुरैशी, प्रभुनारायण नेमा, विश्वेंद्र सिंह बैस सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
दिनांकः- 25/02/2026
