सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
आक्रोश और शोक के बीच वैश्य समाज सड़क पर! आयुष केसरवानी की हत्या पर खागा में कैंडल मार्च, दोषियों को कड़ी सजा की मांग
खागा (फतेहपुर)। बरगढ़ (चित्रकूट) में हुई आयुष केसरवानी की हत्या को लेकर वैश्य समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस जघन्य घटना के विरोध में रविवार को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद, खागा नगर इकाई के तत्वावधान में भव्य कैंडल मार्च निकालकर मृतक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कैंडल मार्च का नेतृत्व नगर अध्यक्ष राजेश साहू ने किया। सैकड़ों की संख्या में वैश्य समाज के लोग पुराने बस स्टैंड तिराहे पर एकत्रित हुए, जहां से हाथों में मोमबत्तियां लेकर नगर भ्रमण करते हुए मुख्य चौक-चौराहे पर पहुंचे। वहां दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने आयुष केसरवानी की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे समाज को झकझोर देने वाली घटना बताया और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक अपराधियों को सख्त सजा नहीं मिलेगी, तब तक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।
कैंडल मार्च में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय महासचिव विनोद कुमार गुप्ता, युवा प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरन ‘सिम्पल’, जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल, ज्ञानेंद्र केसरवानी, विकास गुप्ता सहित वैश्य समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
