बिहार सरकार का बड़ा फैसला:चित्रगुप्त नगर थाने के इस मामले की जांच अब करेगी सीबीआई
मुकेश कुमार-स्टेट हेड-बिहार/झारखंड
पटना(बिहार)।बिहार सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पटना जिला अंतर्गत चित्रगुप्त नगर थाना कांड संख्या-14/2026 की जांच का जिम्मा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दिया है।गृह विभाग (आरक्षी शाखा)द्वारा शनिवार को इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई।•राज्यपाल की मंजूरी के बाद अधिसूचना जारी•
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना संख्या-1446 के अनुसार,बिहार के राज्यपाल ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम-1946 की धारा-6 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस मामले में सीबीआई जांच की सहमति प्रदान की है।आपको बता दे कि
यह मामला मूल रूप से 9 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया था,जिसमें बीएनएस की धारा-126(2),115(2), 76,109 और 3(5)के तहत प्राथमिकी दर्ज है।अब सीबीआई के सदस्य पूरे बिहार राज्य और मामले से जुड़े अन्य स्थानों पर अपनी शक्तियों और अधिकारिता का प्रयोग कर सकेंगे।
•दस्तावेज तुरंत सौंपने के निर्देश•
सरकार के सचिव प्रणव कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में पुलिस महानिरीक्षक(केंद्रीय क्षेत्र,पटना)को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि इस मामले से संबंधित सभी आवश्यक कागजात मांगे जाने पर तुरंत सीबीआई को उपलब्ध करा दिए जाएं।
•इन विभागों को भेजी गई सूचना•
इस फैसले की प्रतिलिपि भारत सरकार के कार्मिक,लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय(नई दिल्ली),सीबीआई के अपर निदेशक,बिहार के पुलिस महानिदेशक और राज्यपाल के प्रधान सचिव सहित सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है।
