-- विनोद कुमार पांडे ब्यूरो चीफ-
चिरमिरी SECL खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) ने किया गहन निरीक्षण
जिला मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर की पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) ने मंगलवार को SECL चिरमिरी ओपन कास्ट खदान पहुंचकर संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। पिछले कुछ महीनों से खदान क्षेत्र में दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसपी का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।निरीक्षण के दौरान उनके साथ थाना प्रभारी चिरमिरी SI विजय सिंह, उपक्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार सिंह, खान प्रबंधक जोष कुमार, खान सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार पाण्डेय, आउट सोर्सिंग इंचार्ज राजेन्द्र, कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल कुमार श्रीवास्तव तथा प्रभारी शिवानंद पटेल उपस्थित रहे।
एसपी रत्ना सिंह ने ओपन कास्ट माइनिंग के दोनों आउटसोर्सिंग पैच तथा डिपार्टमेंटल पैच का गहन निरीक्षण कर खदानों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा मापदंडों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उत्खनन के दौरान मजदूरों एवं मशीनरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक तकनीकी व प्रशासनिक निर्देश भी दिए।
एसपी ने प्रबंधन से बातचीत कर खदानों में सुरक्षा व्यवस्था की मौजूदा स्थिति, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (Emergency Response System), उपकरणों की कार्यक्षमता और सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि—
"खनन कार्य अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए SECL प्रबंधन और पुलिस विभाग का तालमेल मजबूत होना अनिवार्य है। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
रत्ना सिंह ने ओपन कास्ट क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण कर कार्यप्रणाली, सुरक्षा चौकियों तथा खतरनाक जोन की स्थिति का अवलोकन किया। उनका यह निरीक्षण खदान क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक और कठोर संदेश माना जा रहा है।
--
