स्कूल भवन निर्माण कार्यों की जांच करने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
पत्रकर - स्वतंत्र नामदेव
कांकेर जिला ब्यूरो
ग्राम पंचायत बैकुण्ठपुर के वार्ड पंचों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पखांजूर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा को पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों में हो रही अनियमितताओं की जांच करने ज्ञापन सौंपा है। पंचों ने एक आवेदन प्रस्तुत कर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुण्ठपुर में स्वीकृत तीन कमरों के निर्माण कार्य में हुई वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है।पंचों के अनुसार, वर्ष 2020-21 में लोक शिक्षा संचालनालय द्वारा इन कमरों के निर्माण के लिए 23.59 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। इसमें से वर्तमान सरपंच और सचिव ने वर्ष 2022-23 और 2024 के दौरान 9,43,600 रुपये का आहरण किया। हालांकि, निर्माण कार्यों का मूल्यांकन केवल 1,96,866 रुपये का हुआ है, जिससे 7,46,734 रुपये की राशि का हिसाब नहीं मिल रहा है।
पंचों ने इस शेष राशि की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया गया है और निर्माण कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती गई है। यह मामला अब अधिकारियों के संज्ञान में है और आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।
