सीमा सुरक्षा बल ने 'स्वच्छ भारत अभियान' के तहत राम वाटिका, पखांजूर में सफाई अभियान चलाया।
पत्रकार- स्वतंत्र नामदेव
कांकेर जिला ब्यूरो
सीमा सुरक्षा बल की 47वीं बटालियन ने 21 सितंबर 2025 को पखांजूर के राम वाटिका में 'स्वच्छ भारत अभियान' के तहत एक विशेष स्वच्छता अभियान और शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना है।इस कार्यक्रम में 47वीं बटालियन के कमांडेंट, विजेंद्र नाथ गंगोली और द्वितीय कमान अधिकारी अजय छत्री सहित चार अधिकारियों और 96 जवानों ने हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर राम वाटिका और उसके आस-पास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की और घास की कटाई भी की।
इस अवसर पर, कमांडेंट विजेंद्र नाथ गंगोली ने 'स्वच्छ भारत अभियान' के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2014 को महात्मा गांधी की 145वीं जयंती पर शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि स्वच्छता हमारे जीवन और पर्यावरण के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि गंदगी हमारे स्वास्थ्य और आसपास के वातावरण को प्रभावित करती है।
गंगोली ने यह भी कहा कि व्यक्तिगत और सामूहिक स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों को अपने बच्चों और पड़ोसियों को भी स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जोर देकर कहा, "जब हम स्वच्छ रहेंगे, तभी स्वस्थ रहेंगे, और जब स्वस्थ रहेंगे तभी एक मजबूत और शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।"