सर्राफा व्यापारी लूटकांड में दो 25-25 हजार के इनामी बदमाश गिरफ्तार जेवर व अवैध तमंचा बरामद।
ब्यूरो रिपोर्ट
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
हरदोई थाना कासिमपुर पुलिस, एसओजी, स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो और25-25 हजार के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर अंकित लोहे का टुकड़ा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को हसनापुर निवासी सर्राफा व्यापारी मो. नसीम अपनी घुघेरा चौराहे स्थित दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में जमुनिया चौराहे से आगे रसूलपुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनका बैग लूट लिया था। बैग में सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन रखा था। इस मामले में थाना कासिमपुर पर मुकदमा संख्या 250/2026 धारा 309(4), बाद में धारा 310(2) व 317(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी थी। गुरुवार को करलावां-गौसापुल के बीच शारदा नहर विभाग की पुरानी कोठी के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दो इनामी अभियुक्त आमीन पुत्र स्व. अजीम निवासी अटिया नगर किशोरगंज कैंपबेल रोड, थाना सआदतगंज, लखनऊ तथा दानिश पुत्र रफीक निवासी लकड़मंडी, जेटी चौकी के पास, थाना सआदतगंज, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 20 ग्राम 52 मिलीग्राम सोने के आभूषण, 436 ग्राम 14 मिलीग्राम चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन, ₹360 नकद, मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट, चेसिस नंबर अंकित लोहे का टुकड़ा, दो अवैध .315 बोर तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद अवैध हथियारों के संबंध में दोनों आरोपियों के विरुद्ध अलग-अलग मुकदमे धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी दर्ज किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि वे आभूषणों को गलाकर बेचने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी आमीन के विरुद्ध पूर्व से थाना सआदतगंज, लखनऊ तथा थाना कासिमपुर, हरदोई में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दानिश के खिलाफ भी लूट एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
