"सेफ क्लिक 2.0"अभियान का हुआ सफल समापन, दमोह पुलिस ने जिलेभर में चलाया व्यापक साइबर जनजागरूकता अभियान
पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि की उपस्थिति में आयोजित हुआ समापन कार्यक्रम, विद्यार्थियों एवं स्टाफ को दिलाई साइबर जागरूकता की शपथ
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक समापन किया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों एवं आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान जिलेभर में साइबर जागरूकता रैलियां, मैराथन, नुक्कड़ सभाएं, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में संवाद कार्यक्रम, व्यापारी वर्ग, महिला समूहों, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीण नागरिकों के साथ जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। साथ ही सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर, पंपलेट एवं अन्य माध्यमों से भी लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।अभियान के समापन अवसर पर श्री गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल, दमोह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (भा.पु.से.) ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक, OTP एवं बैंकिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, QR कोड स्कैम, फेक कॉल तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर जागरूकता की शपथ दिलाई तथा अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक नागरिक का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने एवं राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

.jpg)