Etawah News: लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड में दिवंगत छात्रों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की उठी मांग
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
लुधपुरा/जसवंतनगर/इटावा: लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में कई छात्रों की दर्दनाक मृत्यु से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना पर शोक व्यक्त करते हुए स्टेंटोरियन फाउंडेशन द्वारा जैन मंदिर रोड, लुधपुरा स्थित संस्था कार्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।श्रद्धांजलि सभा में संस्था के प्रदेश संयोजक पारस राजौरिया, राष्ट्रीय संयोजक कुमार आकाश के साथ नगर के प्रमुख समाजसेवी डॉ. धर्मेंद्र कुमार, अशोक कुमार, शिव कुमार, एडवोकेट केतन कुमार, लकी शाक्य, दीपक यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संयोजक कुमार आकाश ने कहा कि लखनऊ में हुई यह घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले सभी छात्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश का भविष्य कहे जाने वाले विद्यार्थियों का इस प्रकार असमय काल के गाल में समा जाना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रदेश के सभी कोचिंग संस्थानों एवं शैक्षणिक भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
वहीं प्रदेश संयोजक पारस राजौरिया ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिन शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, उनके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर तभी सुरक्षित माने जाएंगे जब वहां अध्ययन करने वाला प्रत्येक छात्र पूर्ण सुरक्षा के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सके।श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही सभी ने एक स्वर में मांग की कि इस दुखद हादसे से सबक लेते हुए प्रदेशभर के कोचिंग सेंटरों एवं शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह श्रद्धांजलि सभा स्टेंटोरियन फाउंडेशन द्वारा आयोजित की गई।


