Etawah News: स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया विशेष पल्स पोलियो अभियान, बच्चों को पिलाई गई ‘दो बूंद जिंदगी की’
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर (इटावा)। पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विकासखंड सराय भूपत कटखेड़ा में विशेष पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन ग्राम प्रधान वीना यादव ने फीता काटकर किया तथा नन्हे बच्चों को पोलियो रोधी दवा की ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर अभियान की शुरुआत कराई।अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम में सुपरवाइजर अब्दुल रज्जाक, संगिनी कृष्णा कांति, आशा कार्यकर्ता राजवती, एएनएम रश्मि सहित कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे। टीम ने बूथ पर पहुंचे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और अभिभावकों को पोलियो से बचाव के प्रति जागरूक किया।
सुपरवाइजर अब्दुल रज्जाक ने बताया कि अभियान के तहत क्षेत्र के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें अगले चरण में घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रह जाए।
ग्राम प्रधान वीना यादव ने कहा कि स्वस्थ और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावको से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं और स्वास्थ्य विभाग के इस जनहित अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि हर बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है, इसलिए सभी अभिभावक अपने 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की ‘दो बूंद जिंदगी की’ अवश्य पिलवाएं। इससे ही आने वाली पीढ़ी को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकेगा।
