पत्रकार को धमकी देने के मामले में अभिमन्यु गुप्ता ने मांगी माफी किया समझौता बोला कि भविष्य में नहीं होगी गलती।
ब्यूरो रिपोर्ट
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
संडीला हरदोई वार्ड संख्या-6 में निर्माणाधीन सीसी रोड की कवरेज को लेकर पत्रकार प्रियदर्शी गुप्ता को कथित रूप से धमकी देने का मामला शांत हो गया है।कोतवाली संडीला में दोनों पक्षों की मौजूदगी में हुई वार्ता के दौरान अभिमन्यु गुप्ता ने अपने व्यवहार पर खेद जताते हुए माफी मांग ली।
जानकारी के अनुसार, सीसी रोड निर्माण में गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की कवरेज के बाद पत्रकार प्रियदर्शी गुप्ता को फोन पर कथित रूप से आपत्तिजनक बातें कही गई थीं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया।
कोतवाली में हुई बातचीत के दौरान अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि आवेश में आकर उनसे कुछ ऐसी बातें निकल गईं, जिनका गलत अर्थ निकाला गया। उन्होंने पत्रकार से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न होने देने का भरोसा दिलाया।
वहीं पत्रकार प्रियदर्शी गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल जनहित के मुद्दों को उजागर करना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का कार्य समाज और प्रशासन के बीच सेतु का है तथा जनसमस्याओं को सामने लाना मीडिया की जिम्मेदारी है।
मामले के निस्तारण के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सौहार्द बनाए रखने पर सहमति जताई। हालांकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे प्रश्नों की जांच संबंधित विभाग द्वारा कराई जानी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
कोतवाली में हुए इस समझौते के बाद फिलहाल विवाद समाप्त हो गया है और क्षेत्र में चल रही चर्चाओं पर भी विराम लग गया है।

