कौशाम्बी
*राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दो बूंद*
जनपद कौशाम्बी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद मंझनपुरवीरेंद्र कुमार फौजी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। अभियान के दौरान दीपक, लक्ष्मी, रश्मि, मानसी, शिक्षा, रानी, परी, सृष्टि, आरफिया, वेदांत, अनुपाल, मान्य एवं परेश सहित अन्य बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, क्योंकि यही पोलियो से स्थायी सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हिंद प्रकाश मणि ने कहा कि जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंझनपुर डॉ. नीरज कुमार तथा ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अवनीश कुमार मिश्रा, आरआरटी गौरव पाण्डेय, जेएसआई प्रतिनिधि मनोज तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी आदि उपस्थित रहे।
*ब्यूरो रिपोर्ट मुज़फ्फर कौशाम्बी*

