इसरार अहमद अम्बेडकरनगर
सरकारी भूमि पर लगे सैकड़ों पौधे जलाने पर एफआईआर दर्ज
अम्बेडकरनगर। विकास खंड भियांव क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर कोडरा में मनरेगा योजना के अंतर्गत सरकारी भूमि पर कराए गए वृक्षारोपण कार्य को आग लगाकर नष्ट किए जाने का मामला सामने आया है। जांच के बाद संबंधित अधिकारी ने आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की संस्तुति की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम फरीदपुर कोडरा (बरौना) निवासी कन्हैयालाल ने आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि वर्ष 2025-26 में मनरेगा के तहत सरकारी भूमि पर लगाए गए सैकड़ों पौधों को 27 मई 2026 की शाम गांव के ही मिर्जा यादव पुत्र छविलाल यादव ने कथित रूप से सरकारी भूमि पर कब्जा करने की नीयत से आग लगाकर जला दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना को कई ग्रामीणों ने देखा तथा उसका वीडियो भी बनाया गया।मामले की जांच ग्राम पंचायत सचिव बरौना द्वारा की गई। जांच के दौरान ग्रामीणों के बयान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई। जांच रिपोर्ट में बताया गया कि मनरेगा कार्य से संबंधित अभिलेखों के परीक्षण तथा ग्रामीणों के बयानों से आरोपों की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार वृक्षारोपण कार्य की स्वीकृत लागत लगभग 1.10 लाख रुपये थी जबकि जले हुए पौधों से करीब 10,820 रुपये की शासकीय क्षति होना पाया गया।सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ने भी जांच रिपोर्ट का परीक्षण कर शासकीय क्षति की वसूली एवं एफआईआर दर्ज किए जाने की संस्तुति की। इसके बाद खंड विकास अधिकारी ने थाना जलालपुर को आरोपी मिर्जा यादव के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा।मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है ग्राम पंचायत सचिव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
