ई-रजिस्ट्रेशन एवं निबंधन व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं की हड़ताल 27 जून तक बढ़ी।
ब्यूरो रिपोर्ट
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
बिलग्राम (हरदोई), 22 जून।बिलग्राम अधिवक्ता वेलफेयर एसोसिएशन की एक आपातकालीन बैठक रविवार को प्रातः 10:30 बजे बार एसोसिएशन भवन, बिलग्राम में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष सियाराम यादव एडवोकेट ने की। बैठक में प्रदेशभर में चल रहे ई-रजिस्ट्रेशन एवं निबंधन मित्र व्यवस्था के विरोध संबंधी आंदोलन पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिवक्ताओं ने इस व्यवस्था को आमजन एवं अधिवक्ता हितों के प्रतिकूल बताते हुए इसके विरोध में चल रहे आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ताओं की पूर्व से जारी हड़ताल को 22 जून 2026 से 27 जून 2026 तक बढ़ाया जाता है। इस अवधि में तहसील परिसर में अधिवक्तागण न्यायिक कार्यों से पूर्णतः विरत रहेंगे। साथ ही दस्तावेज लेखन, स्टाम्प विक्रय एवं अन्य संबंधित कार्य भी बंद रहेंगे।
बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने शासन से अधिवक्ता समाज एवं आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।बैठक में उपाध्यक्ष रामप्रसाद आर्य एडवोकेट, मंत्री शिव कुमार एडवोकेट, संयुक्त मंत्री रामनिवास एडवोकेट, कोषाध्यक्ष सर्वेश कुमार यादव एडवोकेट, पुस्तकालयाध्यक्ष ब्रह्मा सिंह एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

