लोकेशन आलोट जिला ब्यूरो डॉ सुनील चोपड़ा
जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस के कोच के पहिए से निकला धुआं, हादसा टला
ब्रेक चिपकने से लूणी-रीछा स्टेशन के पास रुकी ट्रेन, 20 मिनट बाद रवाना
आलोट, मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर लूणी-रीछा रेलवे स्टेशन के पास जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन नंबर *12465* के जनरल कोच के पहिए से अचानक तेज धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। ड्राइवर ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंदौर से जोधपुर जा रही ट्रेन सुबह *9:27 बजे* महिदपुर रोड स्टेशन से आलोट की ओर आ रही थी, तभी लूणी-रीछा स्टेशन के पास रेलवे इंजन के पीछे जनरल कोच के पहिए से धुआं निकलते देखा गया। ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। ट्रेन रुकते ही यात्री घबराकर कोच से बाहर उतरने लगे।
ब्रेक चिपकने से रुकी ट्रेन में सवार यात्रियों का कहना था कि ड्राइवर और गार्ड के बीच चर्चा में सामने आया कि ब्रेक रिलीज नहीं होने के कारण पहिया जाम हो गया था, जिससे घर्षण से धुआं निकल रहा था। हालांकि यह जांच का विषय है, जांच के बाद ही घटना का निष्कर्ष सामने आएगा।घटना के कारण करीब 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। तकनीकी टीम ने ब्रेक रिलीज किए, जिसके बाद ट्रेन को आलोट की ओर रवाना किया गया। ट्रेन सुबह *10:07 बजे* आलोट पहुंची, उसके बाद जोधपुर की ओर रवाना की गई।
इस दौरान पीछे से आ रही अवध एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें प्रभावित हुईं। वहीं आलोट की ओर से आ रही कोटा-उज्जैन मेमू ट्रेन के यात्रियों ने भी जनरल कोच से धुआं निकलते देखा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ब्रेक चिपक जाने के कारण यह घटना हुई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। रेलवे की तकनीकी टीम ने कोच की जांच कर ट्रेन आगे बढ़ाई।
