आनन्द बॉबी चावला ब्यूरो चीफ झांसी।
*एमआरपी व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने सौंपा ज्ञापन*
झांसी।अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जिला झांसी द्वारा अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) व्यवस्था में सुधार एवं उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी के नाम अपर जिलाधिकारी (ADM) को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने आरोप लगाया कि वर्तमान MRP प्रणाली में पारदर्शिता की कमी के कारण उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण हो रहा है तथा बाजार में मनमाने मूल्य निर्धारण की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है।ज्ञापन में कहा गया कि कई उत्पादों पर उत्पादन लागत की तुलना में अत्यधिक MRP अंकित किया जाता है और बाद में भारी छूट का प्रचार कर उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जाता है। संगठन ने मांग की कि उत्पादों पर उत्पादन लागत, प्रथम विक्रय मूल्य तथा वास्तविक मूल्य संबंधी जानकारी अनिवार्य रूप से अंकित की जाए। साथ ही भ्रामक डिस्काउंट और मनमाने MRP निर्धारण पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कानून बनाए जाएं।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने कहा कि मई माह में देशभर में उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत केंद्र, राज्य एवं जिला स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देकर MRP व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई जा रही है। संगठन ने यह भी बताया कि इस विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के अध्यक्ष अनिरुद्ध रावत, उपाध्यक्ष विक्रम सबरवाल एवं राजेंद्र श्रृंगीऋषि, सह सचिव मनीष दुबे उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विशेष रूप मे प्रचार आयाम प्रमुख विशाल पाण्डेय, विधि आयाम प्रमुख अभिषेक त्रिवेदी, तथा पर्यावरण आयाम प्रमुख विनीत पाठक भी मौजूद रहे।
आनन्द बॉबी चावला झांसी।

