संवाददाता हितेश कुमार जोशी
आबकारी विभाग कोटा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 लाख रुपये की अवैध शराब को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कंटेनर सहित जब्त कर लिया.
कोटा आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 70 लाख रुपये की अवैध शराब को पकड़ा है. ये शराब हरियाणा से कंटेनर के जरिए तस्करी कर ले जाया जा रहा था. एक्सप्रेसवे से नीचे उतरते ही आबकारी टीम ने ट्रक को रोक लिया. तलाशी के दौरान ट्रक में 796 शराब की पेटियां बरामद हुईं. विभाग ने पूरी शराब और कंटेनर को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया.आबकारी विभाग के अतिरिक्त आयुक्त नरेश मालव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम गठित की गई थी. जिला आबकारी अधिकारी सरिता सिंह के निर्देशन में टीम एक्सप्रेसवे पर तैनात थी. शाम के समय दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गोपालपुरा टोल प्लाजा के पास एक ट्रक को रोका गया. तलाशी में अवैध शराब बरामद हुई. ट्रक को जब्त कर कोटा लाया गया है, जहां शराब की गिनती और आगे की कार्रवाई जारी है. हरियाणा निर्मित है शराब: जिला आबकारी अधिकारी सरिता सिंह ने बताया कि चालक ने अपना नाम निट्ठु सिंह बताया है. मौके पर ही उसे हिरासत में लिया गया. शराब की गिनती में करीब 4 घंटे का समय लगा. यह शराब पांच अलग-अलग ब्रांडों की है. यह शराब हरियाणा में बिक्री के लिए निर्मित थी, लेकिन गुजरात और महाराष्ट्र की ओर ले जाई जा रही थी. जांच में जुटा विभाग: आबकारी अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी कि शराब कहां से लाई गई थी और कहां डिलीवरी करनी थी. अवैध शराब की कुल कीमत 69.70 लाख रुपये आंकी गई है. प्रिवेंटिव ऑफिसर प्रदीप सिंह मीणा ने बताया कि आरोपी निट्ठु सिंह हरियाणा के भिवानी का रहने वाला है. उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है.
