बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ फूटा आक्रोश, बंग समाज का चक्काजाम और धरना।
पत्रकार स्वतंत्र नामदेव
कांकेर जिला ब्यूरो
6 परिवारों के घर ढहाने पर विरोध तेज, पुनर्वास और मुआवजे की मांग; आंदोलन उग्र करने की चेतावनीग्राम पंचायत पाड़ेगा अंतर्गत आश्रित ग्राम पी.व्ही. 85, नयापारा में 17 अप्रैल 2026 को हुई बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ आक्रोश अब सड़कों पर खुलकर सामने आ गया है। निखिल भारत बंगाली समन्वय समिति के नेतृत्व में शुक्रवार 24 अप्रैल को हजारों लोगों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया और सांकेतिक चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए छह परिवारों के मकानों को ध्वस्त कर दिया, जिससे वे भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। लोगों ने इस कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए इसे मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करार दिया।
बताया जा रहा है कि प्रभावित परिवार 1994 की बाढ़ के बाद प्रशासन द्वारा बसाए गए थे और करीब तीन दशकों से उसी स्थान पर निवास कर रहे थे। इनमें से दो परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला था, साथ ही बिजली और नल-जल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध थीं। इसके बावजूद अचानक की गई कार्रवाई से क्षेत्र में भारी रोष है।
धरना-प्रदर्शन में पखांजूर, कापसी और बांदे सहित परलकोट क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। समर्थन में कई व्यापारिक प्रतिष्ठान भी दोपहर तक बंद रखे गए। तेज धूप और गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
समिति ने कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख मांगें रखीं—
बुलडोजर कार्रवाई में शामिल अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई
पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल पुनर्वास और आवासीय भूमि आवंटन
आर्थिक नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा
परलकोट क्षेत्र में बसे लोगों को कब्जे की भूमि का पट्टा प्रदान करना
धरना में मौजूद समिति के पदाधिकारियों—मनोज कुमार मंडल, जतन विश्वास, मिहिर राय, नारायण साहा, रविन्द्र नाथ सरकार, मोनिका साहा, इंद्रजीत विश्वास, जगबंधु विश्वास, सुप्रकाश मल्लिक, कमलेश हालदार, संजीत शील,गोपाल कुंडू, राजेश नायर, सहित सैकड़ों सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में प्रशासन के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है और आने वाले दिनों में स्थिति और गरमा सकती है।
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पखांजूर मनीष देव साहू ने बताया मैंने बीते कल ही पदभार ग्रहण किया है, जल्द ही समाज प्रतिनिधियों के साथ घटनास्थल पर स्वयं जाऊंगा वास्तविक स्थिति की जांच करूंगा।
