ग्राम नेडगांव में विधायक का प्रथम आगमन, विकास की जगी नई उम्मीद।
पत्रकार स्वतंत्र नामदेव
कांकेर जिला ब्यूरो
कांकेर जिले के सुदूर स्थित ग्राम नेडगांव के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब क्षेत्र के विधायक विक्रम देव उसेंडी ने पहली बार गांव का दौरा किया। आज़ादी के दशकों बाद किसी विधायक का यह पहला आगमन ग्रामीणों के लिए गर्व और उत्साह का विषय बन गया।विधायक के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका आत्मीय स्वागत किया। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।
दौरे के दौरान विधायक उसेंडी ने गांव के लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। विधायक ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया और शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देने की बात कही।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से उपेक्षित महसूस कर रहे नेडगांव में अब विकास की नई किरण दिखाई दे रही है। इस दौरे से लोगों के मन में विश्वास जगा है कि अब उनके गांव में भी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
नेडगांव में विधायक का यह ऐतिहासिक दौरा निश्चित ही आने वाले समय में गांव के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कापसी अजय बाछाड़ ने कहां जब जनप्रतिनिधि खुद जनता के द्वार तक पहुंचता है, तभी सच्चे लोकतंत्र की भावना साकार होती है।”
इस दौरान मंडल अध्यक्ष कापसी अजय बाछाड़, महामंत्री विमल साहा, युवामोर्चा अध्यक्ष कापसी आकाश सरकार, जिला उपाध्यक्ष दीपांकर दत्ता, तुषार सरदार, मंजू सरदार, अमृत नाग, आदि भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सैंकड़ों ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
