लोकेशन रतलाम जिला ब्यूरो
डॉ सुनील चोपड़ा
*शीर्षक: मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 83976 रुपए का 193 लीटर घी जब्त; 7 नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे
रतलाम कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता के नेतृत्व में 25 अप्रैल को टीम ने मोहन नगर रतलाम स्थित फर्म जय मां दूधेश्वरी एजेंसी पर छापा मारा।मौके पर सस्ता घी बेचा जाना पाया गया। फर्म संचालक गोपाल व्यास ने बताया कि एफडी गोल्ड घी के निर्माता कामधेनु फूड प्रोडक्ट विभडी ठाणे, श्रीमूल घी के निर्माता श्रीमूल प्राइवेट लिमिटेड बनासकांठा गुजरात, गौशत घी और श्री मोती सागर काऊ घी के निर्माता मां अरबुडा फूड प्रोडक्ट अहमदाबाद हैं।
टीम ने एफडी गोल्ड देसी घी के तीन, श्रीमूल एगमार्क प्योर घी के दो, गौशत प्रीमियम गाय के घी का एक और श्री मोती सागर गाय के घी का एक, कुल 7 नमूने जांच के लिए लिए। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।
शेष 193 लीटर घी जब्त कर सील बंद किया गया और फर्म संचालक गोपाल व्यास की सुपुर्दगी में सौंपा गया। जब्त घी की कुल कीमत 83976 रुपए है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता ने बताया कि सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। जिले में मिलावट के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

