विनोद कुमार पांडेय
ब्यूरो चीफ
एम सी बी छत्तीसगढ़
24 घंटे में मंदिर चोरी का पर्दाफाश – चिरमिरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो बालक हिरासत में
चिरमिरी। आस्था के केंद्र शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का चिरमिरी पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर अपनी सतर्कता और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 अप्रैल 2026 को प्रार्थी नीरज भट्ट (पिता – कुशलानंद भट्ट, उम्र 31 वर्ष), निवासी टिकरापारा बड़ी बाजार, थाना चिरमिरी द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 01 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों द्वारा टिकरापारा स्थित शिव मंदिर से तीन नग पीतल की घंटियां, एक नग पीतल की थाली तथा एक नग कांस का लोटा चोरी कर लिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी चिरमिरी के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम की मुस्तैदी और सूझबूझ के चलते महज़ 24 घंटे के भीतर दो विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हित कर तलब किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों बालकों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गए तीन नग पीतल की घंटियां, एक नग पीतल की थाली एवं एक नग कांस का लोटा (क्षतिग्रस्त अवस्था में) कुल अनुमानित कीमत लगभग 6000 रुपये बरामद किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचित किया गया। प्रकरण अजमानती होने के कारण दोनों को किशोर न्यायालय बैकुंठपुर में प्रस्तुत किया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी चिरमिरी विजय सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, आरक्षक मदन राजवाड़े, आरक्षक विजय विश्वकर्मा एवं महिला नव आरक्षक अनीता मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।
