लोकेशन आलोट संवाददाता
डॉ सुनील चोपड़ा
एसडीआरएफ और संकट मोचन ग्रुप ने दिया प्राकृतिक आपदा से निपटने का प्रशिक्षण
तहसील परिसर आलोट में सोमवार को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव और प्राथमिक उपचार को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण एस.डी.आर.एफ. (SDRF) और संकट मोचन ग्रुप, मुंबई के विशेषज्ञों द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आकस्मिक आपदाओं के समय जनहानि को रोकना और त्वरित राहत पहुंचाना था। शिविर में मुख्य रूप से आगजनी, बाढ़, भूकंप और सड़क दुर्घटनाओं जैसी स्थितियों से निपटने के गुर सिखाए गए।विशेषज्ञों ने बताया कि किसी दुर्घटना या आपदा के समय 'गोल्डन आवर' में प्राथमिक उपचार (First Aid) देकर कैसे किसी की जान बचाई जा सकती है।प्रशिक्षण के दौरान टीम ने उपस्थित लोगों को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया कि आग लगने पर किस तरह के अग्निशमन यंत्रों का उपयोग करना चाहिए और बाढ़ या भूकंप जैसी स्थिति में सुरक्षित स्थान पर कैसे पहुंचना चाहिए। सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने से पहले दी जाने वाली प्राथमिक सहायता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने आपदा प्रबंधन की इन बारीकियों को समझा।


