डंपर के नीचे घुसी बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर।
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
मल्लावां (हरदोई)। बरात से लौट रहे दो बाइक सवारों की बाइक डंपर के नीचे घुस जाने से एक युवक की मौत हो गई, जब कि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार ग्राम धमाही मजरा पहुंतेरा थाना माधौगंज निवासी रवि पुत्र नंदराम की बरात ग्राम लबानी मजरा रणधीरखेड़ा थाना फतेहपुर-84 गई थी। बरात में उसका चचेरा भाई अजय (27) पुत्र मथुरा प्रसाद व गांव निवासी मित्र नीरज (25) पुत्र ओमप्रकाश भी शामिल हुए थे। सोमवार दोपहर बरात से लौटते समय अजय और नीरज बाइक से घर वापस आ रहे थे।कटरा-बिल्हौर हाईवे पर सुल्तानपुर की पुलिया के पास हरदोई की ओर से उन्नाव की तरफ जा रहे डंपर में उनकी बाइक पीछे से घुस गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। अजय की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया।
कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।


