“होली महापर्व की शुरुआत हरदोई से हुई” : अनूप ठाकुर महाराज
ब्यूरो रिपोर्ट TTN 24 NEWS
जिला हरदोई के ग्राम न्योरादेव स्थित स्वामी कल्याणानंद पीजी कॉलेज में आयोजित भव्य सामूहिक होली मिलन समारोह में सुप्रसिद्ध कथावाचक अनूप ठाकुर जी महाराज ने कहा कि होली का आरंभ हरदोई की पावन भूमि से हुआ है। उन्होंने बताया कि भगवान के परम भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और होलिका दहन की पौराणिक घटना से ही होली पर्व की परंपरा प्रारंभ हुई।महाराज जी ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति में संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अच्छे संस्कार ही समाज और राष्ट्र की सच्ची शक्ति होते हैं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईजी रंजीत सिंह ने कहा कि होली सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का पर्व है, जो समाज को एकता के सूत्र में बांधता है। वहीं पूर्व विधायक गंगा सिंह चौहान (बाबू जी) ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में अच्छे संस्कारों का विकास ही नई पीढ़ी को सही दिशा देता है।
विद्यालय के संस्थापक हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि आज का समाज धीरे-धीरे आपसी मेल-जोल से दूर होता जा रहा है और मोबाइल से अधिक जुड़ता जा रहा है। ऐसे में होली जैसे पारंपरिक पर्व हमें अपनी प्राचीन परंपराओं, सामाजिक समरसता और एक-दूसरे से मिलकर प्रेम बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा सुंदर नाट्य प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं महक ठाकुर (पुत्री अनूप ठाकुर जी महाराज) द्वारा श्रीरामचन्द्र कृपालु भजमन भजन की अत्यंत सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक सुनीता सिंह, उप प्रबंधक यशवर्धन सिंह, कोषाध्यक्ष ह्रदयांशवर्धन सिंह, संत बच्चा बाबा जी, प्रमुख समाजसेवी राजवर्धन सिंह ‘राजू’, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, समाजसेवी राहुल सिंह फौजी, रामबीर सिंह (असलापुर), प्रवीण सिंह (हरदोइयां), आदर्श सिंह (सुहेडी), सुरेश यादव, तथा विनोद सिंह (रामापुर) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। मंच से पुष्प वर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया गया तथा अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और समाज में प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया।



