प्लेस: बरहरवा
ओम प्रकाश साह की रिपोर्ट
*आजीविका सुदृढ़ीकरण हेतु बागवानी सखियों का प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न*
मनरेगा एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को श्रीकुंड पंचायत भवन में चयनित बागवानी सखियों के लिए एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुखिया काबिल अहमद, बीपीओ जेनी विभा, बीपीएम फैज आलम तथा सहायक अभियंता फ्रांसेस किस्कू की गरिमामयी उपस्थिति रही।प्रशिक्षण के दौरान बागवानी सखियों को उनके कार्य एवं दायित्वों के साथ-साथ बागवानी सखी ऐप के उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि डिजिटल माध्यम से लाभुकों का पंजीकरण, पौधारोपण का जियो-टैगिंग, फोटो अपलोड तथा कार्य प्रगति की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कैसे की जाएगी, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत पौधारोपण की तकनीकी जानकारी, गड्ढा तैयारी, पौध संरक्षण, सिंचाई, खाद प्रबंधन तथा पोषण वाटिका की स्थापना एवं देखभाल के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण में बागवानी सखियों की भूमिका पर विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मनरेगा एवं जेएसएलपीएस के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण परिवारों की आय वृद्धि, पोषण सुरक्षा एवं हरित आवरण विस्तार के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। प्रशिक्षित बागवानी सखियाँ गांव स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी तथा समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कनीय अभियंता शेखर सुमन, मनीष कुमार एवं शोएब अख्तर, रोजगार सेवक अखलाकुर रहमान, सामुदायिक समन्वयक अंशुमान कुमार, बीआरपी (लाइवलीहुड) रहीम विश्वास, रामू रजवार, मिथुन मंडल, आईएफसी एंकर विशाल मंडल सहित बागवानी सखियाँ एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

