स्कूल बस चालक की लापरवाही से छात्र की मौत, परिजनों ने बस चालक पर लगाए आरोप।
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
हरदोई-माधौगंज। कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती गांव में सोमवार स्कूल बस की चपेट में आने से यूकेजी के छह वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।नई बस्ती निवासी राजेश पाल का पुत्र लकी (6) आदर्श बाल विद्या मंदिर में यूकेजी कक्षा का छात्र था। सोमवार को वह रोज की तरह स्कूल गया था। आरोप है कि दोपहर करीब 2:30 बजे छुट्टी के बाद जब वह स्कूल बस संख्या UP30 AI 9234 पर सवार होने जा रहा था, तभी बस चालक प्यारेलाल निवासी बखरिया थाना मल्लावां ने तेज व लापरवाही से बस चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चा बस के पहिये के नीचे आ गया। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना स्कूल प्रशासन की ओर से उन्हें तत्काल नहीं दी गई।
गांव के अन्य बच्चों से करीब आधे घंटे बाद जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बताया गया कि मृतक दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई अचल पाल बोलने व चलने में असमर्थ है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष माधौगंज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

