मध्य प्रदेश छिंदवाड़ा से मनीष इंगोले की रिपोर्ट
*भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे द्वारा बजट को लेकर लगाए गए आरोपों को बताया विद्वेषपूर्ण और राजनीतिक निराशा का परिणाम*
*विकास को नई दिशा देगा बजट, कांग्रेस के आरोप विद्वेषपूर्ण राजनीति का परिणाम: अजय सक्सेना*
*जिला उपाध्यक्ष बोले – युवाओं, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए ठोस प्रावधान, भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा विपक्ष*
*जनहितकारी प्रावधानों से ध्यान भटकाने की कोशिश, विकास को नकारना विपक्ष की पुरानी आदत*
छिंदवाड़ा। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे द्वारा बजट को लेकर लगाए गए आरोपों को विद्वेषपूर्ण और राजनीतिक निराशा का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट छिंदवाड़ा सहित पूरे प्रदेश के संतुलित और सर्वांगीण विकास का स्पष्ट खाका प्रस्तुत करता है।श्री सक्सेना ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने इस बजट में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रभावी प्रावधान किए हैं। मध्यम वर्ग को राहत देने और गरीब वर्ग को सुरक्षा कवच प्रदान करने की दिशा में भी सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और आगामी समय में इन परियोजनाओं को और गति मिलेगी। बजट में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित किए गए हैं, जिससे जिले को सीधा लाभ मिलेगा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कहा कि विपक्ष को जब ठोस मुद्दे नहीं मिलते तो वह भ्रम फैलाने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि महंगाई नियंत्रण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और रोजगार सृजन के लिए उद्योग, निवेश और कौशल विकास योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के कार्यकाल में विकास कुछ क्षेत्रों तक सीमित रहा, वे आज समग्र और पारदर्शी विकास की प्रक्रिया से असहज हैं। कांग्रेस का बजट को “घोषणा पत्र” बताना उनकी राजनीतिक हताशा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस घर घर जाकर जनता को अपनी नाकामियां बता पाएगी?
श्री सक्सेना ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारना है। उन्होंने विश्वास जताया कि बजट के प्रावधानों का सकारात्मक प्रभाव आने वाले महीनों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा और छिंदवाड़ा विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।
उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक है और वह विकास एवं जनहित के मुद्दों पर ही अपना निर्णय देती है। भाजपा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और समावेशी विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
धन्यवाद ।
