कोडरमा पुलिस की बड़ी सफलता,गयाजी से सकुशल बरामद हुए लापता 10 बिरहोर बच्चे
संवाददाता: मुकेश कुमार-स्टेट हेड-बिहार/ झारखंड
कोडरमा(झारखंड)।जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के गडियाही बिरहोर टोला से लापता हुए 10 बच्चों को कोडरमा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बिहार के गया जिले से सकुशल बरामद कर लिया है।ये बच्चे 1 फरवरी को परसाबाद में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे,जिसके बाद से वे लापता थे।आपको बता दे कि मामले की गंभीरता और आदिम जनजाति से जुड़े होने के कारण एसपी अनुदीप सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 विशेष टीमों का गठन किया।इन टीमों में तीन डीएसपी,तीन इंस्पेक्टर और आठ सब-इंस्पेक्टर सहित तकनीकी शाखा के जवानों को शामिल किया गया।पुलिस ने रांची से आसनसोल तक के रेलवे स्टेशनों,बस स्टैंडों और होटलों में सघन तलाशी अभियान चलाया।गयाजी के बाल गृह और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी से समन्वय स्थापित करने पर पता चला कि सभी बच्चे मुफस्सिल और परैया थाना क्षेत्र में सुरक्षित मिले थे। अभिभावकों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस बच्चों को वापस कोडरमा ले आई है।इस मामले में एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि बच्चों को न्यायालय में पेश करने के बाद आधिकारिक रूप से उनके माता-पिता को सौंप दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस पूरे अभियान में बोकारो आईजी और हजारीबाग डीआईजी का भी निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।