ब्यूरो शेख शमीम जामताड़ा
नगर निकाय चुनाव में देरी पर भाजपा का धरना, जामताड़ा गांधी चौक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
जामताड़ा। नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को गांधी चौक में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने किया, जबकि पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। धरना में बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे गांधी चौक का माहौल पूरी तरह राजनीतिक बना रहा।धरना को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि राज्य सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव टाल रही है, जिससे शहरी क्षेत्रों का विकास बाधित हो रहा है। लंबे समय से जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकाय प्रशासन मनमाने ढंग से काम कर रहा है और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि नगर निकाय चुनाव की तिथियां अविलंब घोषित की जाएं तथा चुनाव दलीय आधार पर और ईवीएम मशीन के माध्यम से कराए जाएं, ताकि पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।
पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से 5 से 7 तारीख तक राज्यभर के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है और सरकार को जनहित में जल्द निर्णय लेना चाहिए।
धरना में वक्ताओं ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ तभी मिल सकता है, जब चुनी हुई नगर निकाय सरकारें कार्य करें। नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रखने का ऐलान किया गया।
धरना-प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सह भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मंडल, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो, तरुण कुमार गुप्ता, बबीता झा, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा, जामताड़ा भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत सहित पार्टी के अनेक नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
