रेहान ख़ान रिपोर्टर फर्रुखाबाद
9452755077
फर्रुखाबाद व्यापार मंडल की मांग, ओवरलोड गन्ना ट्रॉलियां शहर से न गुजरें
फर्रुखाबाद नगर उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शहर के अंदर से गन्ना लदी ओवरलोड ट्रॉलियों के गुजरने पर रोक लगाने की मांग की है। व्यापार मंडल का कहना है कि ये ट्रॉलियां सड़क पर जाम का कारण बनती हैं और दुर्घटनाओं को जन्म देती हैं।व्यापार मंडल के अनुसार, गन्ना से भरी ये ट्रॉलियां अक्सर सड़क का एक बड़ा हिस्सा घेर लेती हैं। इनकी क्षमता से अधिक लोड और लंबाई-चौड़ाई से बाहर निकला गन्ना कई बार हादसों का कारण बन चुका है। ट्रॉलियों के बीच सड़क पर चलने से रात भर शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है।
इन ओवरलोड ट्रॉलियों की चपेट में आकर कई बार मोटरसाइकिल सवार और राहगीर घायल हो चुके हैं। ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक गन्ना लदा होने और उनकी निर्धारित सीमा से बाहर निकलने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
नगर उद्योग व्यापार मंडल ने सुझाव दिया है कि गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को फर्रुखाबाद शहर के बजाय थाना मऊ दरवाजा बाईपास, ठंडी सड़क, लालगेट होते हुए पांचालघाट की ओर से निकाला जाए। इससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सकेगा और शहर में यातायात सुचारु रहेगा।
यह मांग नगर अध्यक्ष हाजी मो. इख़लाक खान, नगर संयुक्त महामंत्री राम जी पाठक, नगर कोषाध्यक्ष राजन रॉय, जॉली राजपूत, नगर प्रभारी ठाकुर सर्वेंद्र सिंह, नगर चेयरमैन सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा और नगर संरक्षक आनंद प्रकाश मुन्ना गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने की है। घुमना अध्यक्ष दिलीप गुप्ता और महामंत्री गोपाल राजपूत भी इस मांग का समर्थन कर रहे हैं।
