लोकेशन जामताड़ा
संवाददाता शेख शमीम
किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है किसान मेला : रविंद्र नाथ महतो
जामताड़ा/नाला : कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार (कृषि प्रभाग) के तत्वावधान में आज जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला प्रखंड के मां मलांचा पहाड़ स्थित नेचर पार्क परिसर में एकदिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला सह उद्यान प्रदर्शनी का भव्य, ऐतिहासिक एवं अत्यंत सफल आयोजन किया गया। इस मेगा आयोजन में जिले भर से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और आधुनिक कृषि से जुड़ी नवीन जानकारियों से लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद (भा०प्र०से०), उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, जामताड़ा पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के साथ जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिन्होंने इस किसान मेले के आयोजन में अहम भूमिका निभाई, विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कहा कि “किसान मेला आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इससे किसान आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, जैविक खेती, पशुपालन एवं मत्स्य पालन की नई विधियों से सीधे जुड़ते हैं। ऐसे आयोजन किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और कृषि को लाभकारी पेशा बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि “झारखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं। राज्य सरकार किसानों के विकास, सिंचाई सुविधा, फसल बीमा एवं बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के आयोजनों से सरकार और किसानों के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है।” मेले में कृषि, पशुपालन, भूमि संरक्षण, मत्स्य पालन, जेएसएलपीएस, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक, जानकारीपूर्ण एवं तकनीकी स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को आधुनिक खेती के तरीकों, सरकारी योजनाओं, अनुदान एवं तकनीकी सहायता की विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों ने स्टॉलों का भ्रमण कर विशेषज्ञों से सीधा संवाद किया और नई तकनीकों के प्रति गहरी रुचि दिखाई। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित यह किसान मेला किसानों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उन्हें भविष्य में आधुनिक एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित करता नजर आया। कार्यक्रम की सफलता से क्षेत्र में कृषि विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में सिविल सर्जन, नाला प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी, नाला एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, नाला थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार, प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल भट्टाचार्य, जिला सचिव परेश यादव सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान शामिल थे।
