कंपन से कांपते पुल पर राहत, मरम्मत कार्य तेज—वन-वे व्यवस्था लागू
रिपोर्ट सौरभ दीक्षित जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
रामगंगा पुल पर लगातार हो रहे हादसों, बढ़ती दरारों और जर्जर होती संरचना को लेकर उठ रही शिकायतों के बाद आखिरकार हाइवे अथॉरिटी ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। NHAI ने सोमवार की रात से पुल की मरम्मत प्रक्रिया को औपचारिक रूप से प्रारंभ कर दिया। अधिकारियों के अनुसार करीब एक माह तक यह कार्य जारी रहेगा, जिसके दौरान पुल पर यातायात को सुरक्षित बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है।मरम्मत अवधि में पुल पर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत पुल के दोनों ओर खड़े वाहनों को बारी-बारी से छोड़ा जाएगा, ताकि जाम की स्थिति न बनने पाए और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित तरीके से जारी रह सके।
स्थानीय लोगों ने मरम्मत कार्य शुरू होने पर राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि पिछले कई महीनों से पुल की बदहाल स्थिति दुर्घटनाओं को दावत दे रही थी। कई बार भारी वाहनों के गुजरते ही पुल में कंपन महसूस होता था, जिससे लोगों में डर व्याप्त था।NH730C राजमार्ग पर पुल के कई हिस्सों में खामियां उजागर हो गई थी, जॉइन्ट गार्डरों की स्थिति बेहद जर्जर हो गई थी। दरारें और सतह पर गड्ढों का बनना हादसों का प्रमुख कारण बन रही थी।
अल्हागंज थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि कई दिनों तक चलने वाले पुल की मरम्मत कार्य के दौरान वाहन चालकों व यात्रियों को धैर्य रखने की आवश्यकता है जाम व असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गो का प्रयोग करे।

