कोहरे में रोडवेज बसें 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी: दुर्घटना रोकने को बीटीएस से होगी निगरानी, चालक पर होगी कार्रवाई
फर्रुखाबाद ब्रेकिंग
रिपोर्ट सौरभ दीक्षित जिला संबाददाता फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद में कोहरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राज्य सड़क परिवहन निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब रोडवेज बसें कोहरे में अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। सामान्य परिस्थितियों में बसों की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है।निगम की बसों की रफ्तार की निगरानी बस ट्रैकिंग सिस्टम (बीटीएस) के माध्यम से की जाएगी। यदि कोई चालक निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि दृश्यता बहुत कम होने की स्थिति में चालकों को सुरक्षित स्थान पर बस रोक देनी होगी। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
फर्रुखाबाद डिपो की कुल 94 बसों में बीटीएस लगा हुआ है। इनमें से सर्वाधिक 40 बसें दिल्ली मार्ग पर संचालित होती हैं, जबकि 20 से 25 बसें आगरा मार्ग पर चलती हैं। इसके अतिरिक्त, लखनऊ सहित अन्य मार्गों पर भी बसों का संचालन होता है।
डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि सभी चालकों को कोहरे में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बसें चलाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अत्यधिक कोहरा होने पर सुरक्षित स्थान पर बस खड़ी करने को कहा गया है। राजेश कुमार ने जानकारी दी कि सर्दी के कारण बसों में यात्रियों की संख्या में भी कमी आई है। कार्यालय के कर्मचारियों को भी बसों की रफ्तार की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
