Etawah News: नगला उदय सिंह में पत्नी से मारपीट के बाद युवक ने ससुराल वालों पर की फायरिंग, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24
जसवंतनगर/इटावा: क्षेत्र के ग्राम नगला उदय सिंह में पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब एक युवक ने ससुराल पक्ष पर फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सत्येंद्र ठाकुर उर्फ बल्ले पुत्र बीरबल का अपनी पत्नी प्रतिमा से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। बताया गया कि सत्येंद्र ने प्रतिमा के साथ मारपीट की, जिसके बाद प्रतिमा ने अपने मायके करहल, जनपद मैनपुरी में फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रतिमा के पिता मनोज कुमार सहित परिजन रात करीब तीन बजे नगला उदय सिंह पहुंचे।
परिजनों ने जब सत्येंद्र से बात करने का प्रयास किया तो उसने आवेश में आकर अपनी डबल बैरल बंदूक से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और सभी बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही जसवंतनगर थाना प्रभारी कपिल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी सत्येंद्र ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से डबल बैरल बंदूक बरामद की है और आरोपी के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि बंदूक का लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेज दी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फोटो में गिरफ्तार अभियुक्त सत्येंद्र सिंह