चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
मिशन शक्ति फेस 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हरपालपुर,हरदोई।थाना क्षेत्र के सतौथा गांव स्थित मदन मोहन इंटर कॉलेज में सोमवार को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को जनकल्याणकारी योजनाओं,साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला सब-इंस्पेक्टर अंजान सचान, महिला कांस्टेबल आशा ने छात्राओं से संवाद किया। सब-इंस्पेक्टर ने सबसे पहले प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और छात्राओं से इनका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है, इससे बचने के लिए जागरूकता बेहद आवश्यक है।
इसी कड़ी में महिला कांस्टेबल आशा ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के व्यावहारिक टिप्स बताए। इसके अलावा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने और महिलाओं के अधिकारों पर भी चर्चा की गई।इस मौके पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल सिंह,उपनिरिक्षक शमशेर अहमद के अलावा कालेज के समस्त स्टाफ मौजूद रहा।