संवाददाता हितेश कुमार जोशी
झुंझुनूं में स्कूल बस को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ हादसा, छात्र ने छलांग लगाकर बचाई जान
झुंझुनू जिले के मंडावा कस्बे में बच्चों से भरी एक स्कूल बस के साथ हुए सड़क हादसे का कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर स्कूल बस को टक्कर मारता दिखाई दे रहा है. हादसे के दौरान सड़क पर जा रहा एक छात्र भी ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल बाल बच गया. हालांकि, वायरल हो रहे इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती जानकारी के अनुसार यह घटना दो दिन पहले मंडावा कस्बे की फतेहपुर बाइपास पर हुई थी. बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्कूल बस बच्चों को लेकर डाबड़ी रोड की ओर मुड़ रही थी. इसी दौरान फतेहपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आए ट्रैक्टर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी टक्कर इतनी अचानक हुई कि बस में बैठे बच्चों के बीच अफरा तफरी का माहौल बन गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित सीसीटीवी फुटेज में एक और अहम दृश्य दिखाई देता है. स्कूल से घर लौट रहा एक छात्र पीछे से तेज गति से आते ट्रैक्टर को देखकर तुरंत सड़क से हट जाता है. खुद को सुरक्षित रखने के लिए वह छलांग लगा देता है और संभावित बड़े हादसे से बच जाता है. यदि छात्र समय रहते सड़क से नहीं हटता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी घटना को लेकर स्कूल संचालक का कहना है कि ट्रैक्टर चालक और स्कूल प्रबंधन के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया है. फिलहाल इस मामले को लेकर आगे कोई विवाद सामने नहीं आया है हालांकि समझौते के बावजूद इस घटना ने स्कूलों के आसपास सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण होना चाहिए ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके लोगों का मानना है कि स्कूल समय के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है और अभिभावकों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.