जांच करने गई पुलिस टीम पर अभद्रता करने के आरोप में चार नामजद तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज।
ब्यूरो रिपोर्ट
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
मल्लावां हरदोई । कोतवाली क्षेत्र में सरकारी कार्य के दौरान पुलिसकर्मी से अभद्रता करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप में चार नामजद समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, कोतवाली मल्लावां में तैनात आरक्षी विशाल यादव 25 जून 2026 को एक प्रार्थना पत्र की जांच के सिलसिले में ग्राम तेरिया भवानीपुर पहुंचे थे। जांच के दौरान उन्होंने प्रार्थना पत्र में नामित आशीष मिश्रा और मनीष मिश्रा पुत्रगण राजेश कुमार निवासी तेरिया भवानीपुर को अपना पक्ष रखने के लिए कोतवाली आने को कहा। आरोप है कि इस दौरान आशीष मिश्रा, मनीष मिश्रा तथा उनकी पत्नियां और मां नाम अज्ञात उग्र हो गए और आरक्षी पर आरोप लगाते हुए अभद्रता करने लगे। पुलिसकर्मी द्वारा स्वयं को सरकारी कार्य में लगे होने की जानकारी देने के बावजूद आरोपियों ने शोर-शराबा कर सरकारी कार्य में बाधा डाली और कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए वहां से चले जाने को कहा।
आरक्षी विशाल यादव ने अपनी तहरीर में कहा है कि उन्होंने उस समय सूझबूझ और शालीनता का परिचय देते हुए मामले को शांत कर दिया था, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वह मानसिक रूप से आहत हैं। साथ ही आरोपित लगातार उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। आरक्षी की तहरीर के आधार पर कोतवाली मल्लावां पुलिस ने आशीष मिश्रा, मनीष मिश्रा समेत चार नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
