मध्य प्रदेश ढीमरखेड़ा कटनी जिला
बेटी की शादी के लिए रखे जेवर और 40 हजार नकद चोरी, दो माह बाद भी कार्रवाई नहीं, एसपी से लगाई गुहार
ढीमरखेड़ा। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के ग्राम खमरिया निवासी एक महिला ने घर में हुई लाखों रुपये के जेवर और नकदी की चोरी के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि चोरी की रिपोर्ट पुलिस चौकी सिलौंडी और ढीमरखेड़ा थाने में दर्ज कराने के बावजूद दो माह बीत जाने के बाद भी आरोपियों का पता नहीं लगाया गया है।जानकारी के अनुसार ग्राम खमरिया निवासी मन्ना बाई पति घनश्याम चक्रवर्ती ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि करीब दो माह पूर्व दोपहर के समय वह काम से घर से बाहर गई थीं, जबकि उनके पति बकरी चराने गए थे। घर में ताला लगा हुआ था। जब उनके पति वापस लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थी। पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान में बेटी की शादी के लिए रखे गए सोने के झुमके, सोने का हार, चांदी का डोरा, पायल, चांदी के कंगन, चूड़ियां, गजरिया, बिछिया सहित अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे 40 हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए। महिला ने बताया कि घटना के बाद उसने तत्काल पुलिस चौकी सिलौंडी और ढीमरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आज तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आवेदन में उसने कुछ लोगों पर संदेह भी जताया है। उसका कहना है कि संदिग्ध लोग उसके घर आते-जाते रहते थे और उन्हें यह जानकारी थी कि बेटी की शादी के लिए घर में जेवर और नकदी रखी हुई है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों का पता लगाने तथा चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि घटना के खुलासे में हो रही देरी से लोगों में नाराजगी है और पुलिस को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।दो माह बाद भी नहीं मिला सुराग खमरिया गांव में हुई चोरी की वारदात के दो माह बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद जांच की रफ्तार बेहद धीमी है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है। अब परिवार ने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।, रिपोर्टर सत्येंद्र बर्मन
