*झांसी के बीच बाजार में भीषण आग, दो मंजिला टेंट हाउस की बिल्डिंग धू-धू कर जली, 300 से अधिक दुकानें बंद कराई गयीं*
ब्यूरो रिपोर्ट TTN 24 NEWS
झांसी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खोआ मंडी के गांधी रोड पर *बुधवार शाम करीब पांच बजे एक दो मंजिला टेंट हाउस की बिल्डिंग में भीषण आग लग गई।* देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग का धुआं एक से दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि बिल्डिंग की छत भरभराकर गिर गई। बताया जा रहा है कि लगभग 20 फीट ऊंची लपटें लगातार उठ रही थीं।
आग फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास की 6 से 7 दुकानों को खाली करा दिया। वहीं खोआ मंडी से बड़ा बाजार जाने वाला मार्ग बंद कर दिया गया और करीब 300 से अधिक दुकानों को भी सुरक्षा की दृष्टि से बंद करा दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जिसके बाद देखते ही देखते पहली मंजिल तक फैल गई। दमकल विभाग पिछले कई घंटों से आग बुझाने में जुटा है।
