Etawah News: जसवंतनगर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम गंभीर घायल, सैफई पीजीआई कॉलेज रेफर
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर/इटावा। कचौरा बाईपास पर दुर्गापुरा गांव के सामने मंगलवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचौरा घाट बाईपास निवासी धर्मेंद्र कुमार का चार वर्षीय पुत्र सूखदेव अपने घर के सामने सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान कचौरा घाट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मासूम करीब 20 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीएचसी जसवंतनगर में तैनात चिकित्सक डॉ. विकास अग्निहोत्री ने बताया कि बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई है और वह बेहोशी की हालत में था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
वहीं, परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस को सूचना दे दी गई थी, लेकिन अस्पताल से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित प्वाइंट से सीएचसी पहुंचने में एंबुलेंस को आधे घंटे से अधिक का समय लग गया। परिजनों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की इस देरी से गंभीर मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
